अदालत ने हिंदुत्व समर्थक इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-09-2026
Court grants three-week interim bail to pro-Hindutva influencer Swatantra Bharadwaj
Court grants three-week interim bail to pro-Hindutva influencer Swatantra Bharadwaj

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली की एक अदालत ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा के पिता पर हमले समेत अन्य आरोपों से जुड़े मामले में हिंदुत्व समर्थक इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को मंगलवार को तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
 
कार्यवाही बंद कमरे में हुई। अदालत के सूत्रों के अनुसार, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने भारद्वाज को तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत दी।
 
भारद्वाज को सात सितंबर को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
 
इससे पहले, सोमवार को न्यायाधीश ने कहा था कि आरोपी की जमानत याचिका पर सुनवाई बंद कमरे में होगी। इसके बाद अदालत के कर्मचारियों ने मीडियाकर्मियों से अदालत कक्ष से बाहर जाने को कहा।
 
बाद में अदालत के कर्मचारियों ने बताया कि जमानत याचिका पर आदेश 15 सितंबर के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।
 
हमले के मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन करने के कुछ ही घंटों बाद, चार सितंबर को भारद्वाज को बुलंदशहर में हिरासत में ले लिया गया।
 
यह कार्रवाई एक साक्षात्कार को लेकर हुए आक्रोश के बाद की गई, जिसमें भारद्वाज ने दावा किया था कि प्रदर्शन के दौरान उसने छात्रा के पिता की ‘‘खोपड़ी फोड़ दी थी’’ और अपने राजनीतिक संपर्कों के कारण गिरफ्तारी से बच गया।
 
भारद्वाज को एक न्यायाधीश के आवास पर पेश किया गया था, जिन्होंने आरोपी से एक दिन की हिरासत में पूछताछ करने की दिल्ली पुलिस की अर्जी मंजूर कर ली थी। अगले दिन मजिस्ट्रेट अदालत ने भारद्वाज को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद मौजूदा अदालत ने भारद्वाज की न्यायिक हिरासत 21 सितंबर तक बढ़ा दी थी।