आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस ने आप और जीएफपी के बीच हुए गठबंधन को सत्तारूढ़ भाजपा के साथ ‘‘एक्सचेंज ऑफर’’ करार देते हुए मंगलवार को कहा कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आने वाले चुनाव में एक-दूसरे का समर्थन करके भाजपा गोवा में और अरविंद केजरीवाल की आप पंजाब में अपनी सत्ता बनाए रखे।
आम आदमी पार्टी (आप) और विजय सरदेसाई की अगुवाई वाली गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) ने हाल में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भाजपा को चुनौती देने के लिए ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन की घोषणा की।
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडणकर ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आप और जीएफपी ने भाजपा के साथ एक ‘‘एक्सचेंज ऑफर’’ किया है, जिसके तहत भाजपा पंजाब में आप का समर्थन करेगी और आप गोवा में भाजपा का साथ देगी।
उन्होंने पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘ ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन गोवा के लोगों की इच्छाओं के खिलाफ है, जो 2027 के चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए एक बड़ा विपक्षी गठबंधन चाहते हैं। आप ने अवश्य कोई ऐसा समझौता किया होगा जिसमें यह तय हुआ होगा कि भाजपा पंजाब चुनाव जीतने में आप की मदद करेगी, और बदले में गोवा में आप, भाजपा का सहयोग करेगी।’’