भाजपा नेताओं ने पायलट स्मित मच्छार की सराहना की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-10-2026
BJP leaders praised pilot Smit Machhar
BJP leaders praised pilot Smit Machhar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के कई नेताओं ने बृहस्पतिवार को भारतीय पायलट स्मित मच्छार के साहस की सराहना की जिन्होंने ‘फ्लाईदुबई’ की एक उड़ान को दुर्घटनाग्रस्त करने की अपने सह-पायलट की कोशिश को नाकाम कर दिया था। विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे।
 
दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे। इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गया। बाद में उसका मार्ग सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
 
सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल मच्छार का सऊदी अरब के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्र कैप्टन स्मित मच्छार के साथ खड़ा है और उनके असाधारण साहस पर बेहद गर्व महसूस कर रहा है। अपनी जान जोखिम में डालकर उन्होंने कर्तव्य और सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को कायम रखा और विमान में सवार सभी लोगों की जान बचाने में मदद की।’’
 
सिंह ने कहा, ‘‘मच्छार का साहस, संयम और कर्तव्य के प्रति निष्ठा राष्ट्र के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। मैं उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’