भाजपा नेता गुप्ता ने यमुना जल का आचमन कर दावा किया, नदी प्रदूषित अवस्था से उबरने की राह पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-10-2025
BJP leader Gupta sipped Yamuna water and claimed the river was on its way to recovering from its polluted state.
BJP leader Gupta sipped Yamuna water and claimed the river was on its way to recovering from its polluted state.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नेता अनिल गुप्ता ने बृहस्पतिवार को यमुना जल का आचमन किया और दावा किया कि पिछले आठ महीनों में पार्टी की सरकार के प्रयासों के कारण नदी अपने अत्यधिक प्रदूषित अवस्था से उबरने की राह पर है।

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यमुना में प्रदूषण को लेकर तत्कालीन आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की कथित ‘‘उदासीनता’’ के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए पिछले साल अक्टूबर में यमुना में डुबकी लगाई थी। उन्होंने दावा किया कि नदी का पानी अब लगभग ‘‘सामान्य’’ है।
 
सचदेवा ने कहा, ‘‘25 अक्टूबर 2024 को जब मैंने आईटीओ घाट पर यमुना की दयनीय स्थिति को उजागर करने के लिए इसमें डुबकी लगाई तो मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था।’’
 
उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आठ महीने पुरानी भाजपा सरकार के यमुना को साफ करने के लिए किए गए प्रतिबद्ध प्रयासों का परिणाम है कि नदी का पानी न केवल डुबकी लगाने के लिए उपयुक्त है, बल्कि आचमन के लिए भी उपयुक्त है।
 
सचदेवा ने कहा, ‘‘यमुना के पानी में अब कोई दुर्गंध नहीं है, घुलित ऑक्सीजन का स्तर 4.5 से 5.5 के बीच है, तथा पीएच स्तर 7.5 है - जो सामान्य के करीब है।’’
 
गुप्ता दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता हैं और उनके पास पर्यावरण विज्ञान में डॉक्टरेट की डिग्री है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने आईटीओ घाट, वासुदेव घाट और कालिंदी कुंज सहित यमुना के विभिन्न स्थानों पर कम से कम आधा दर्जन बार आचमन किया और नदी के विभिन्न रासायनिक संकेतक अब सामान्य हैं।’’
 
छठ पर्व से पहले गुप्ता ने टेलीविजन चैनलों के कैमरों के सामने यमुना जल का आचमन किया और नदी की स्थिति में सुधार को साबित करने के लिए ऑनलाइन जल गुणवत्ता निगरानी डेटा दिया।