भूपेन्द्र यादव, रेखा गुप्ता ने दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-10-2026
Bhupendra Yadav, Rekha Gupta review pollution control measures in Delhi
Bhupendra Yadav, Rekha Gupta review pollution control measures in Delhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के 'एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र' में वायु प्रदूषण को नियंत्रित किये जाने संबंधी उपायों की समीक्षा की।

उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में 13 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन भी किया। इसके अलावा उन्होंने 150 नई इलेक्ट्रिक बसों को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में शामिल किया और पांच प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशन की भी शुरुआत की।
 
यादव ने समीक्षा के दौरान वायु प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार के 11 कार्य बिंदुओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न एजेंसियों की समन्वित कार्रवाई से शहर के प्रमुख प्रदूषण 'हॉटस्पॉट' आनंद विहार में वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
 
उन्होंने कहा कि आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 30 अगस्त को 430 दर्ज किया गया था, जो घटकर 92 पर आ गया। उन्होंने इस सुधार का श्रेय सरकार, यातायात पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियों के समन्वित प्रयासों को दिया।
 
यादव ने कहा कि सरकार ने इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों के बेड़े को बढ़ाकर करीब 5,500 से अधिक कर दिया है और उनके संचालन में सहायता के लिए चार्जिंग संबंधी बुनियादी ढांचा स्थापित किया है।