आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने हाल ही में तिरुवनंतपुरम में सचिवालय तक निकाले गये विरोध मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा एसएफआई कार्यकर्ताओं पर हमला करने के लिए उस्तरे का इस्तेमाल किये जाने के आरोपों को बृहस्पतिवार को सिरे से खारिज कर दिया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने विभिन्न कॉलेजों में पाठ्यक्रमों की फीस बढ़ा दी है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान एसएफआई के कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ उस्तरे का इस्तेमाल किया।
कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि ये उस्तरे अवरोधक लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाली रस्सियों को काटने के लिए लाए गए थे।
चेन्निथला ने यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए आरोपों को खारिज किया और कहा कि इस बात की जांच के आदेश दिए गए हैं कि उस्तरे कौन लाया था, जिनका इस्तेमाल जाहिर तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला करने के लिए किया जाना था।
उन्होंने कहा, “जब पुलिसकर्मियों के पास लाठियां होती हैं, तो उनके लिए ब्लेड का इस्तेमाल करना मुमकिन नहीं है। हम जांच करेंगे कि ब्लेड कौन लाया था। इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं।”