आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गायक सोनू निगम 21 अगस्त को अबू धाबी के यस द्वीप पर एतिहाद एरेना में अपने वैश्विक दौरे ‘द रिवोल्यूशन’ की शुरुआत करेंगे, जो संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी में उनका पहला एकल संगीत कार्यक्रम होगा।
इस संगीत कार्यक्रम का आयोजन अबू धाबी और मिराल के संस्कृति और पर्यटन विभाग के साथ मिलकर मनोरंजन एजेंसी ‘ब्लू ब्लड’ कर रही है।
इस शो के माध्यम से निगम भारत के सबसे प्रतिष्ठित गायकों में से एक के रूप में अपने 30 साल का सफर पूरा होने का जश्न मनाएंगे।
कार्यक्रम में उनके रोमांटिक गीतों और बॉलीवुड क्लासिक्स के साथ-साथ ऊर्जा से भरपूर गाने और नए गीत भी पेश किए जाएंगे, जिसमें लाइव बैंड और एक शानदार ऑडियो-विजुअल प्रोडक्शन का सहयोग मिलेगा।
निगम ने एक बयान में कहा, ‘‘अबू धाबी मेरे दिल में एक खास जगह रखता है और मैं उस शहर में 'द रेवोल्यूशन' टूर शुरू करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं जिसने हमेशा मुझे इतना प्यार दिया है। यह टूर पिछले 30 वर्षों में हमारी साझा संगीत यात्रा का जश्न है। मैं अपने प्रशंसकों के साथ इस बिल्कुल नए एरेना अनुभव को साझा करने के लिए बेताब हूं।’’
अबू धाबी के बाद उनका कार्यक्रम ब्रिटेन, उत्तरी अमेरिका, आस्ट्रेलिया एवं न्यूजीलैंड में होगा।