नई दिल्ली
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान हाल ही में मुंबई के हिंदुजा अस्पताल के बाहर पैपराज़ी पर नाराज़ होते नजर आए। आमतौर पर मीडिया से हंसकर मिलने वाले सलमान उस दिन काफी परेशान दिखाई दिए। अस्पताल से बाहर निकलते समय उन्होंने फोटोग्राफर्स से गुस्से में पूछा कि क्या उनका दिमाग खराब हो गया है। अब इस पूरे मामले पर उनकी पुरानी को-स्टार भाग्यश्री ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, सलमान खान अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे थे। जैसे ही वह बाहर निकले, वहां मौजूद पैपराज़ी ने उन्हें कैमरों में कैद करना शुरू कर दिया। इस दौरान अभिनेता नाराज़ हो गए और उन्होंने फोटोग्राफर्स को फटकार लगा दी। हालांकि अगले ही दिन एक इवेंट में मामला शांत हो गया, जब पैपराज़ी ने सलमान से माफी मांगी और अभिनेता ने भी स्थिति को सामान्य कर दिया।
अब इस विवाद पर भाग्यश्री ने खुलकर सलमान खान का समर्थन किया है। एक कार्यक्रम के दौरान जब उनसे सलमान के गुस्से को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि मीडिया अपना काम जरूर करे, लेकिन कलाकारों को भी इंसान समझा जाना चाहिए।
भाग्यश्री ने कहा, “मैं यही कहना चाहूंगी कि आप लोग अपना काम करें, लेकिन यह मत भूलिए कि हम भी इंसान हैं। कलाकार और मीडिया के बीच एक संतुलित और सम्मानजनक रिश्ता होना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि हर इंसान की निजी जिंदगी और भावनाएं होती हैं। अगर कोई व्यक्ति दर्द या तनाव में है, तो उसे थोड़ा अकेला छोड़ देना चाहिए। भाग्यश्री के मुताबिक, मुश्किल समय में कलाकारों की भावनाओं का सम्मान करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा, “जब कोई इंसान दर्द में होता है या मानसिक तनाव से गुजर रहा होता है, तब वह शांति चाहता है। ऐसे समय में उसकी निजता का सम्मान किया जाना चाहिए।”
सलमान खान ने भी इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी जाहिर की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कई पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें यह देखकर दुख हुआ कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर भी कुछ लोग उनके दर्द को कैमरे में कैद करने की कोशिश कर रहे थे।
सलमान ने लिखा कि उन्होंने हमेशा मीडिया का सम्मान किया है और हर संभव सहयोग किया है। उन्होंने यह भी कहा कि क्या किसी फिल्म या खबर की अहमियत किसी इंसान की हालत से ज्यादा हो सकती है।
एक अन्य पोस्ट में अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि वह 60 साल की उम्र में भी लड़ना नहीं भूले हैं। उन्होंने पोस्ट के आखिर में लिखा, “जेल में डालोगे, हा हा।”
भाग्यश्री और सलमान खान का रिश्ता काफी पुराना है। दोनों ने साल 1989 की सुपरहिट फिल्म मैंने प्यार किया में साथ काम किया था। यह फिल्म उस दौर की सबसे सफल रोमांटिक फिल्मों में शामिल रही और इसी फिल्म से भाग्यश्री ने बॉलीवुड में कदम रखा था।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म मातृभूमि को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म पहले “बैटल ऑफ गलवान” नाम से जानी जा रही थी। फिल्म में गलवान घाटी की घटना को दिखाया जाएगा। इसमें चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।
इसके अलावा सलमान खान निर्माता दिल राजू की एक नई फिल्म में भी दिखाई देंगे, जिसका निर्देशन वामशी पैडिपल्ली करेंगे।