अक्षय कुमार ने कश्मीर के स्कूल को दिए 1 करोड़

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 23-05-2026
Akshay Kumar Donates 1 Crore to a School in Kashmir
Akshay Kumar Donates 1 Crore to a School in Kashmir

 

नई दिल्ली

बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वह सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी लोगों के लिए हीरो हैं। समाज सेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले अक्षय कुमार ने इस बार जम्मू कश्मीर के एक दूरदराज सरकारी स्कूल के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये का दान दिया है। उनकी इस पहल की हर तरफ सराहना हो रही है।

यह सरकारी स्कूल जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी के सीमावर्ती गांव नीरो तुलैल में स्थित है। पहाड़ों और बर्फ से घिरे इस इलाके में रहने वाले बच्चों के लिए शिक्षा हासिल करना हमेशा चुनौती भरा रहा है। स्कूल की पुरानी इमारत काफी जर्जर हो चुकी थी। सर्दियों के मौसम में बच्चों को टूटी खिड़कियों और खराब कमरों में पढ़ाई करनी पड़ती थी। कई बार कड़ाके की ठंड में भी छात्र बिना पर्याप्त सुविधाओं के स्कूल आने को मजबूर थे।

इस मदद के पीछे भी एक दिल छू लेने वाली कहानी है। साल 2021 में अक्षय कुमार सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ के विशेष निमंत्रण पर कश्मीर गए थे। वहां उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से मुलाकात की। इसी दौरान वह गुरेज घाटी के इस दूरस्थ गांव तक पहुंचे। जब उन्होंने स्कूल की हालत देखी तो काफी भावुक हो गए।

स्कूल की बदहाल स्थिति देखकर अक्षय कुमार ने उसी समय मदद करने का फैसला किया। उन्होंने स्कूल के पुनर्निर्माण और आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। अब करीब पांच साल बाद उनका यह वादा पूरी तरह पूरा हो चुका है।

अक्षय कुमार के सहयोग से स्कूल की नई इमारत तैयार की गई है। इसमें आधुनिक कक्षाएं बनाई गई हैं ताकि बच्चे बेहतर माहौल में पढ़ाई कर सकें। स्कूल में कंप्यूटर लैब भी बनाई गई है, जिससे गांव के बच्चों को डिजिटल शिक्षा का अवसर मिलेगा। इसके अलावा एक सुसज्जित पुस्तकालय तैयार किया गया है, जहां छात्र पढ़ाई और ज्ञान से जुड़ी किताबों का लाभ उठा सकेंगे।

शिक्षकों के लिए अलग और विशाल कार्यालय कक्ष भी बनाए गए हैं ताकि पढ़ाई का माहौल और बेहतर हो सके। इतना ही नहीं, बच्चों के लिए चल रही मिड डे मील योजना की रसोई और भोजन वितरण व्यवस्था में भी सुधार किया गया है। इससे छात्रों को साफ और बेहतर भोजन मिल सकेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में शिक्षा के क्षेत्र में यह बहुत बड़ा बदलाव है। गांव के बच्चों और उनके परिवारों में नई उम्मीद जगी है। लोगों ने अक्षय कुमार की इस मदद को एक प्रेरणादायक कदम बताया है।

अक्षय कुमार इससे पहले भी कई सामाजिक कार्यों में मदद कर चुके हैं। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने राहत कोष में करोड़ों रुपये दान दिए थे। इसके अलावा सेना के जवानों, किसानों और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए भी वह लगातार आगे आते रहे हैं।

अब कश्मीर के इस छोटे से गांव के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाकर अक्षय कुमार ने एक बार फिर लोगों का दिल जीत लिया है।