भक्ति चालक
इस साल 28मई को पूरे देश में बकरी ईद (ईद-उल-अज़हा) का त्योहार मनाया जा रहा है। इस त्योहार के दौरान जायज़ जानवरों की कुर्बानी देने की मज़हबी रिवायत है। लेकिन पिछले कुछ सालों में कुर्बानी के मुद्दे को लेकर अक्सर बेवजह विवाद खड़े कर दिए जाते हैं। इस मज़हबी रवायत को जानबूझकर सियासी रंग दे दिया जाता है। इस वजह से ईमानदारी से त्योहार मनाने वाले आम मुसलमानों को कई बार प्रशासनिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इसी बात को ध्यान में रखते हुए, मुंबई के मुस्लिम समाज को कानूनी तरीके से और बिना किसी रुकावट के कुर्बानी देने की सहूलियत देने के लिए 'बृहन्मुंबई महानगरपालिका' (BMC) ने इस साल एक बड़ा फैसला लिया है।
बीएमसी के इस फैसले के बाद अब कुर्बानी की इजाज़त लेने के लिए महानगरपालिका के दफ्तर जाने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है। क्योंकि बीएमसी ने 'MyBMC' मोबाइल ऐप और अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर घर बैठे ऑनलाइन मंज़ूरी हासिल करने की सुविधा शुरू कर दी है।
बीएमसीने इस साल मुंबई में मज़हबी कुर्बानी के लिए कुल 109जगहें तय की हैं। आने वाले 28से 30मई के बीच शहरी इन तय की गई जगहों पर ही कुर्बानी दे सकेंगे। लेकिन इसके लिए बीएमसी के ऐप से ऑनलाइन इजाज़त लेना लाज़िमी है।
महानगरपालिका की एडिशनल कमिश्नर अश्विनी जोशी की अध्यक्षता में हाल ही में एक रिव्यू मीटिंग हुई। इस मीटिंग में त्योहार की तैयारियों का जायज़ा लिया गया। इस साल बीएमसी ने न सिर्फ ऑनलाइन फॉर्म भरने का इंतज़ाम किया है, बल्कि देवनार बूचड़खानेमें 17मई से 30मई तक भैंसों और बकरों का एक बड़ा बाज़ार भी लगाया है।
बीएमसी के नियमों के मुताबिक, बड़े जानवरों की कुर्बानी सिर्फ देवनार बूचड़खाने में ही की जा सकेगी। मुंबई में इसके अलावा कहीं और बड़े जानवरों की कुर्बानी करने की सख्त मनाही है। इसके लिए बीएमसी की वेबसाइट पर जानवरों को लाने के परमिट और वक्त की बुकिंग ऑनलाइन की जा सकती है।
24 घंटे कंट्रोल रूम और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
त्योहार के दौरान नागरिकों की शिकायतों को दूर करने और फौरी मदद के लिए बीएमसी ने 24घंटे चलने वाला एक खास कंट्रोल रूम बनाया है। इसके लिए खास हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। देवनार बूचड़खाने में जानवरों के लिए लगभग 1लाख 10हज़ार वर्ग मीटरकी जगह पर शेड बनाए गए हैं। इसके अलावा, बड़े जानवरों की मज़हबी कुर्बानी के लिए 10हज़ार वर्ग मीटर की एक अलग जगह रिज़र्व रखी गई है।
इस पूरे दौरान बीएमसी ने अतिरिक्त पानी की सप्लाई, अस्थायी हेल्थ सेंटर, एंबुलेंस, जानवरों के डॉक्टरोंकी सुविधा और साफ-सफाई का पक्का इंतज़ाम किया है। त्योहार के इन दिनों में देवनार बूचड़खाने और उसके आस-पास से लगभग 7हज़ार 500मीट्रिक टन कचरा निकलने का अंदाज़ा है।
इस कचरे को साफ करने के लिए रोज़ाना 200से ज़्यादा सफाई कर्मचारी और आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। शहरियों की सुरक्षा के लिए देवनार बूचड़खाने में 500पुलिसकर्मी, 200बीएमसी के सिक्योरिटी गार्ड और 500से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

बोगस फॉर्म्स और धांधली पर लगेगी रोक
अब आप सोच रहे होंगे कि पिछले साल तो ऐसी कोई खास सख्ती नहीं थी, फिर इस साल क्यों? दरअसल, बीएमसी के पुराने ऑनलाइन सिस्टम में कुछ खामियां थीं। उसका फायदा उठाकर कुछ लोगों ने बोगस या झूठे फॉर्म भर दिए थे। इससे बीएमसी के काम में बड़ी कंफ्यूजन और धांधली पैदा हो गई थी।
इसी बोगस काम को रोकने के लिए बीएमसी ने अब एक बेहद महफूज़ और एडवांस सिस्टम लागू किया है। इस नए सिस्टम की वजह से आपके फॉर्म कम से कम वक्त में दर्ज हो जाएंगे और आपको तुरंत मंज़ूरी मिल जाएगी।
कुर्बानी के लिए अप्लाई करते वक्त कोई परेशानी न हो, इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें:
स्टेप 1: 'MyBMC' ऐप डाउनलोड करें
अपने मोबाइल के गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर पर जाएं। वहां 'MyBMC' टाइप करके बीएमसी का ऑफिशियल ऐप इंस्टॉल करें। अगर ऐप इस्तेमाल करते वक्त कोई दिक्कत आती है, तो आप बीएमसी की वेबसाइट (www.mcgm.gov.in) पर जाकर भी फॉर्म भर सकते हैं।
स्टेप 2: सही ऑप्शन चुनें
ऐप की मेन स्क्रीन पर सबसे आखिर में 'Sheep/Goat Religious Slaughter' और 'Slot Booking For Religious Slaughter' के ऑप्शन दिखाई देंगे। अपनी ज़रूरत के हिसाब से सही ऑप्शन चुनें।
स्टेप 3: रजिस्ट्रेशन करें
स्लॉट बुकिंग का ऑप्शन चुनने के बाद अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी डालकर रजिस्ट्रेशन करें। आपके नंबर पर आए ओटीपी (OTP) को डालकर लॉगिन करें।

स्टेप 4: जानकारी भरें और डॉक्युमेंट्स अपलोड करें
फॉर्म में अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर बिल्कुल सही-सही भरें। बीएमसी की तरफ से तय की गई 109जगहों में से अपने घर के सबसे करीब वाली जगह चुनें। अगर आप अपनी निजी जगह या सोसायटी में कुर्बानी देने वाले हैं, तो सोसायटी का 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) लगाना ज़रूरी है।आप कितने जानवरों की कुर्बानी देने वाले हैं, वह गिनती (संख्या) और तारीख व वक्त का स्लॉट चुनें। आखिर में अपनी पहचान का सबूत (जैसे पैन कार्ड या कोई और आईडी) स्कैन करके अपलोड करें।
स्टेप 5: डिजिटल परमिट हासिल करें
सभी नियमों को Accept करके फॉर्म सबमिट कर दें। फॉर्म मंज़ूर होने के बाद आपके मोबाइल पर मैसेज आ जाएगा। उसके बाद आप ऐप से ही क्यूआर (QR) कोड वाला डिजिटल परमिट डाउनलोड कर सकते हैं। कुर्बानी के वक्त इस रसीद को साथ रखना कानूनी तौर पर लाज़िमी है।
मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर:
त्योहार के दौरान शहरियों की सहूलियत और शिकायतों को दूर करने के लिए बीएमसी ने खास कंट्रोल रूम शुरू किया है। अगर आपको कोई भी परेशानी आती है, तो आप नीचे दिए गए नंबरों पर कभी भी फोन कर सकते हैं:9076000481,9076000482,9076000483,9076000484