मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं है कि मैं क्यों वायरल होता रहता हूं: रवि किशन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-05-2026
I have no idea why I keep going viral: Ravi Kishan
I have no idea why I keep going viral: Ravi Kishan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अभिनेता एवं राजनेता रवि किशन का कहना है कि वह आज तक यह नहीं समझ पाए हैं कि सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और 'मीम्स' क्यों प्रसारित होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि वह महज एक आम इंसान हैं और दूसरों की तरह उनसे भी गलतियां हो जाती हैं।

अभिनेता रवि किशन से शुक्रवार शाम उनकी आगामी फिल्म 'मां बहन' के ट्रेलर जारी करने के मौके पर उनकी हालिया वायरल हुई वीडियो के संबंध में पूछा गया था, जिसमें उन्होंने गलती से 'वर्क फ्रॉम होम' कहने के बजाय ‘होम फ्रॉम वर्क' कह दिया।
 
वह इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'वर्क फ्रॉम होम' की अपील के समर्थन में बोल रहे थे।
 
गोरखपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रवि किशन ने कहा, "मैं महादेव की कसम खाकर कहता हूं कि मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं है कि मैं क्यों वायरल होता रहता हूं। मैं उस समय संसद जा रहा था और कहना चाहता था कि 'वर्क फ्रॉम होम' (घर से काम) करने की जरूरत है, लेकिन उसकी जगह मुंह से 'होम फ्रॉम वर्क' निकल गया।"