जयपुर
राजस्थान के भरतपुर में पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और अन्य लोगों के खिलाफ एक ग्राहक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में 2022 में खरीदी गई ह्यूंदै अल्काजार कार में गंभीर खराबियों का आरोप लगाया गया है।
मथुरा गेट थाने में दर्ज एफआईआर 50 वर्षीय अधिवक्ता कीर्ति सिंह की शिकायत पर की गई। उन्होंने बताया कि 2022 में हरियाणा के सोनीपत स्थित एक डीलरशिप से 23.97 लाख रुपये में यह कार खरीदी थी।
सिंह ने आरोप लगाया कि खरीद के कुछ समय बाद ही कार में गंभीर तकनीकी दिक्कतें आने लगीं, खासकर तेज गति पकड़ने या ओवरटेक करने के दौरान। उन्होंने शिकायत में कहा, “कार अचानक कंपन करने लगती है, गति नहीं बढ़ती और इंजन मैनेजमेंट सिस्टम में खराबी का संकेत मिलता है। कई बार मेरी और परिवार की जान पर भी बन आई।”
सिंह के अनुसार, जब उन्होंने डीलरशिप से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि यह ह्यूंदै की मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट है और केवल अस्थायी समाधान ही संभव है। लेकिन समस्या बार-बार लौटती रही जिससे उन्हें आर्थिक, शारीरिक और मानसिक तनाव झेलना पड़ा।
शिकायत में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण का नाम भी शामिल है, क्योंकि वे ह्यूंदै के ब्रांड एंबेसडर हैं। सिंह ने आरोप लगाया कि कंपनी, उसके डीलर और ब्रांड एंबेसडर “पहले से इस खामी को जानते थे, लेकिन इसे छिपाया गया”, जो धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश के दायरे में आता है।
पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की आगे जांच की जा रही है।