Jamia student Mohd. Shamoon secures an annual package of 35 lakh from Visa.
नई दिल्ली।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बीटेक कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्र मो. शमून ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्हें वैश्विक भुगतान प्रौद्योगिकी कंपनी VISA की ओर से 35 लाख रुपये सालाना का प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) मिला है। वह वर्ष 2027 बैच के छात्र हैं।
जामिया के यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट सेल (यूपीसी) के अनुसार, मो. शमून का चयन ऑनलाइन असेसमेंट और इंटरव्यू प्रक्रिया के माध्यम से VISA में समर इंटर्नशिप के लिए हुआ था। इस दौरान उन्हें प्रतिमाह 90 हजार रुपये का स्टाइपेंड दिया गया।
इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्हें कंपनी की ओर से 35 लाख रुपये सालाना के पैकेज वाला प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिया गया।
इंटर्नशिप में बेहतर प्रदर्शन का मिला लाभ
मो. शमून की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, प्रतिभा और तकनीकी दक्षता को दर्शाती है। साथ ही, यह जामिया के यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट सेल की उन कोशिशों को भी रेखांकित करती है, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर कंपनियों में करियर बनाने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट सेल की ऑनरेरी डायरेक्टर प्रो. राहेला फारूकी, ऑनरेरी डिप्टी डायरेक्टर प्रो. सबा खान और प्रोफेसर एवं टीपीओ प्रो. रिहान खान सूरी ने मो. शमून को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने उनकी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
विश्वविद्यालय ने दी बधाई
यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट सेल ने जामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ और रजिस्ट्रार प्रो. महताब आलम रिजवी के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
विश्वविद्यालय ने मो. शमून की इस सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर के लिए शुभकामनाएं दीं। जामिया को उम्मीद है कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने और अपने करियर के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।