वेनेजुएला ने कैदियों को माफी की मंजूरी दी, राजनीतिक कारणों से हिरासत में लिए गए लोग हो सकेंगे रिहा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-02-2026
Venezuela grants amnesty to prisoners, allowing release of those detained for political reasons
Venezuela grants amnesty to prisoners, allowing release of those detained for political reasons

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बृहस्पतिवार को आम माफी से संबंधित एक विधेयक पर हस्ताक्षर किए जिससे हिरासत में लिए गए नेताओं, कार्यकर्ताओं, वकीलों और कई अन्य लोगों की रिहाई हो सकती है।

इस विधेयक पर हस्ताक्षर के साथ ही राष्ट्रपति ने एक तरह से यह स्वीकार किया कि सरकार ने सैकड़ों लोगों को राजनीतिक कारणों से जेल में रखा हुआ है।
 
राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के इस कदम को बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि इससे पहले दक्षिण अमेरिकी देश के अधिकारी दशकों से किसी राजनीतिक कैदी को हिरासत में रखे जाने की बात से इनकार करते रहे हैं। यह पिछले महीने देश की राजधानी काराकस में तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए अमेरिकी सेना की कार्रवाई के बाद नीति में आया नवीनतम बदलाव है।
 
रोड्रिगेज ने पिछले महीने के अंत में विधेयक का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने देश की विधायिका द्वारा इसे मंजूरी दिए जाने के कुछ घंटे बाद ही इस विधेयक पर हस्ताक्षर करके इसे कानून बना दिया।
 
विपक्षी सांसद नोरा ब्राचो ने चर्चा के दौरान कहा, ‘‘यह एक बड़ा कदम है। इससे कई वेनेजुएलावासियों की पीड़ा कम होगी।’’