Reforms must be 'meaningful' to adapt the UN to future needs: General Assembly President Rahman
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष खलीलुर रहमान ने इस विश्व निकाय खासकर सुरक्षा परिषद में ‘‘सार्थक’’ सुधारों का आह्वान किया है, ताकि इसे ‘‘भविष्य के लिए और अधिक सक्षम’’ बनाया जा सके तथा लोगों का उस पर भरोसा फिर से कायम हो।
मंगलवार को महासभा के 81वें सत्र के अध्यक्ष का पद संभालने वाले रहमान यहां एक संवाददाता सम्मेलन में ‘पीटीआई’ के सवाल का जवाब दे रहे थे। उनसे पूछा गया था कि उनकी अध्यक्षता लंबे समय से अटकी और धीमी गति से आगे बढ़ रही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में किस तरह मदद कर सकती है।
उन्होंने कहा, ‘‘सुधार सार्थक होने चाहिए। इन सुधारों से लोगों की नजर में इस संगठन पर भरोसा फिर से कायम होना चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक सुधारों को महज औपचारिक या दिखावटी कदम माना जाएगा। मैं इन सुधारों को लेकर बहुत गंभीर हूं।’’
बांग्लादेश के विदेश मंत्री रहमान ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस की ‘यूएन80’ पहल का समर्थन जारी रखेंगे। इस पहल का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र प्रणाली को अधिक सरल, प्रभावी और बेहतर समन्वय वाली बनाना है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसी स्थिति में हैं, जहां भरोसे की कमी है और संगठन को खुद को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए बड़े सुधार करने होंगे। केवल आज के लिए नहीं, बल्कि कल के लिए भी। ’’
रहमान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दुनिया आगे बढ़ चुकी है। संगठन को भी आगे बढ़ना होगा और मैं इस प्रक्रिया में मदद करूंगा।’’