नई दिल्ली
भारत 10 से 16 सितंबर तक रूस में आयोजित होने वाले बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘जापद’ में हिस्सा लेगा। अधिकारियों के अनुसार, इस अभ्यास का उद्देश्य मित्र देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल को मज़बूत करना है। साथ ही पारंपरिक युद्धकला और आतंकवाद-रोधी अभियानों से जुड़ी रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं को साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
भारतीय रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि 65 सदस्यीय भारतीय सशस्त्र बलों का दल मंगलवार को रूस के निज़नी के मुलिनो प्रशिक्षण मैदान के लिए रवाना हुआ। इस दल में भारतीय सेना के 57 जवान, भारतीय वायु सेना के सात और भारतीय नौसेना का एक अधिकारी शामिल है।