भारत, ईरान और आर्मेनिया की तीसरी त्रिपक्षीय वार्ता तेहरान में आयोजित

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 10-09-2025
3rd Trilateral Dialogue of India, Iran and Armenia held in Tehran
3rd Trilateral Dialogue of India, Iran and Armenia held in Tehran

 

नई दिल्ली

भारत, ईरान और आर्मेनिया ने सोमवार को तेहरान में तीसरे दौर की त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, यह बैठक 8 सितंबर को हुई।

बैठक की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से संयुक्त सचिव (पीएआई) आनंद प्रकाश, ईरान के विदेश मंत्रालय के दक्षिण एशिया मामलों के महानिदेशक मोहम्मद रेज़ा बहारमी और आर्मेनिया के विदेश मंत्रालय के एशिया-प्रशांत विभाग की प्रमुख अनाहित करापेटयान ने की।

तीनों पक्षों ने त्रिपक्षीय वार्ताओं के नियमित और वार्षिक आयोजन पर संतोष व्यक्त किया और 2023 में येरेवन तथा 2024 में नई दिल्ली में हुई पहली दो बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, तीनों देशों ने पारस्परिक हितों की सुरक्षा और क्षेत्र में समृद्धि व कल्याण को बढ़ावा देने के लिए तय लक्ष्यों को पूरा करने पर ज़ोर दिया। साथ ही, सहयोग को और गहरा करने और विस्तार देने की प्रतिबद्धता जताई, विशेषकर कनेक्टिविटी परियोजनाओं में। इसमें अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा (INSTC) और आर्मेनिया की “क्रॉसरोड्स ऑफ पीस” परियोजना प्रमुख रही।

इसके अलावा, आर्थिक, व्यापारिक और अन्य आपसी हितों वाले क्षेत्रों में संबंधों को आगे बढ़ाने की पहलों की समीक्षा की गई। यह भी तय हुआ कि अगला दौर की त्रिपक्षीय वार्ता 2026 में आर्मेनिया में होगी।

दूसरी भारत-ईरान-आर्मेनिया त्रिपक्षीय वार्ता दिसंबर 2024 में नई दिल्ली में हुई थी, जिसमें कनेक्टिविटी, बहुपक्षीय मंचों में भागीदारी और क्षेत्रीय विकास जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इस दौरान तीनों देशों ने व्यापार, पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जन-से-जन संबंधों को और मज़बूत बनाने पर ज़ोर दिया था।

पहली त्रिपक्षीय वार्ता अप्रैल 2023 में आर्मेनिया की राजधानी येरेवन में आयोजित हुई थी।