कैलिफोर्निया।
अभिनेता मैथ्यू राइस ने ‘द बीस्ट इन मी’ के सीजन 2 में शानदार अभिनय के लिए 2026 के एमी अवॉर्ड्स में लिमिटेड सीरीज में सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता का पुरस्कार अपने नाम कर लिया है।
मैथ्यू राइस ने इस पुरस्कार की दौड़ में रिज अहमद (‘बेट’), जेसन बेटमैन (‘ब्लैक रैबिट’), चार्ली हन्नम (‘मॉन्स्टर: द एड गीन स्टोरी’) और ऑस्कर आइजैक (‘बीफ’) जैसे मजबूत दावेदारों को पीछे छोड़ा।
अवार्ड स्वीकार करते हुए मैथ्यू राइस ने कहा कि यह जीत उनके लिए किसी बड़े आश्चर्य से कम नहीं है। उन्होंने सीरीज के निर्माताओं और पूरी टीम का आभार जताया।
उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए वाकई बहुत बड़ा आश्चर्य है, खासकर इसलिए क्योंकि इस कार्यक्रम में शामिल कलाकारों का स्तर और उनका साथ बेहद शानदार है।”
राइस ने सीरीज के लेखकों डेनियल पर्ल, गैब रोटर और हॉवर्ड गॉर्डन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन लेखकों ने कलाकारों के भीतर छिपे ‘बीस्ट’ को सामने लाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने निर्देशक एंटोनियो कैम्पोस और सीरीज की प्रमुख अभिनेत्री क्लेयर डेन्स का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। राइस ने कहा कि क्लेयर डेन्स के साथ काम करना चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण अनुभव रहा।
मैथ्यू राइस के लिए यह एमी अवॉर्ड्स खास इसलिए भी हैं क्योंकि उन्हें इस साल तीन अलग-अलग श्रेणियों में नामांकन मिला है।वह ‘द बीस्ट इन मी’ के उत्कृष्ट लिमिटेड सीरीज के नामांकन में कार्यकारी निर्माता के तौर पर भी शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें Apple TV की कॉमेडी सीरीज ‘विधोज़ बे’ के लिए उत्कृष्ट मुख्य अभिनेता की श्रेणी में भी नामांकन मिला है।
‘वैरायटी’ के मुताबिक, अपने करियर में मैथ्यू राइस को अब तक कुल आठ एमी नामांकन मिल चुके हैं। इनमें चर्चित FX सीरीज ‘द अमेरिकन्स’ के लिए तीन नामांकन और एक जीत भी शामिल है।
वह HBO की ‘पेरी मेसन’ में मुख्य भूमिका निभाने के लिए भी एमी पुरस्कार के लिए नामांकित हो चुके हैं।
मैथ्यू राइस का Apple TV के साथ जुड़ाव भी जारी है। ‘विधोज़ बे’ के अलावा वह ‘प्रिज्यूम्ड इनोसेंट’ के सीजन 2 में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।
2026 एमी अवॉर्ड्स का आयोजन लॉस एंजिल्स के डाउनटाउन स्थित पीकॉक थिएटर में किया जा रहा है।इससे पहले अभिनेत्री जीन स्मार्ट ने कॉमेडी सीरीज ‘हैक्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेत्री का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया। उनकी इस जीत के साथ वह एमी इतिहास में अपने शो के हर सीजन के लिए अभिनय का पुरस्कार जीतने वाली पहली कलाकार बन गईं।