आवाज द वाॅयस/ नई दिल्ली
नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का माहौल पूरी तरह से कूटनीतिक बैठकों में व्यस्त है। जहां एक तरफ दुनिया के बड़े नेता वैश्विक मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस आयोजन का एक अलग और खूबसूरत सांस्कृतिक पहलू भी देखने को मिल रहा है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की बेटी ज़हरा पेजेश्कियान इस समय भारत के सांस्कृतिक रंग में पूरी तरह रमी नजर आ रही हैं।
वह अपने पति हसन मजीदी के साथ आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में नई दिल्ली पहुंची हैं। शनिवार को उन्होंने दिल्ली की दो मशहूर जगहों—राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय और प्रधानमंत्री संग्रहालय का दौरा किया।
शनिवार को ज़हरा पेजेश्कियान ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय और हस्तकला अकादमी का दौरा किया। यहां 'ब्रिक्स बाजार' नाम से एक खास सांस्कृतिक प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने खुद उनका स्वागत किया और उन्हें अलग-अलग पवेलियनों का दौरा कराया।
काले अबाया में पहुंचीं ज़हरा ने भारत सहित विभिन्न देशों के स्टॉल्स को देखा। उन्होंने कारीगरों से सीधे बात की और हाथ से बनी चीजों की बारीकियों को समझा।Daughter of Iranian President Masoud Pezeshkian, Zahra Pezeshkian, along with her husband Hassan Majidi, visited the BRICS Bazaar at the National Crafts Museum in New Delhi, exploring the rich art, crafts and cultural heritage showcased by BRICS member and partner countries. https://t.co/qDcLZg4XCN
— Iran in India (@Iran_in_India) September 12, 2026
दौरे के दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध 'बाघ प्रिंट' हस्तशिल्प कला में खासी रुचि दिखाई। उन्होंने खुद लकड़ी के ब्लॉक से 'BRICS India 2026' का ठप्पा कपड़े पर लगाया। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कारीगर बिलाल खत्री ने उन्हें प्राकृतिक रंगों से छपाई की पूरी प्रक्रिया समझाई। ज़हरा ने कला की सराहना करते हुए इसे बेहद खास बताया।
ब्रिक्स बाजार के बाद ज़हरा पेजेश्कियान ने दिल्ली के प्रधानमंत्री संग्रहालय का रुख किया। वहां उन्होंने भारत के लोकतंत्र, प्रशासनिक इतिहास और देश के सभी प्रधानमंत्रियों के योगदान से जुड़ी प्रदर्शनियों को करीब से देखा।
संग्रहालय के अनुभूति सेक्शन में उन्होंने डिजिटल और इंटरैक्टिव तकनीकों के जरिए भारत की विकास यात्रा को समझा। इस यात्रा के दौरान उनके साथ अन्य देशों के गणमान्य अतिथि भी शामिल रहे।
विदेश मंत्रालय और कपड़ा मंत्रालय की ओर से आयोजित ब्रिक्स बाजार 10 से 15 सितंबर तक चल रहा है। इसकी थीम "संस्कृतियों को संवारना, लोगों को जोड़ना" रखी गई है। इसमें भारत और ईरान के अलावा रूस, चीन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र और यूएई जैसे देशों के स्टॉल लगाए गए हैं।
ईरानी स्टॉल में वहां की पारंपरिक बुनाई, छपाई और रंगाई के बेहतरीन नमूनों को प्रदर्शित किया गया है। भारत में ईरान के दूतावास ने भी ज़हरा पेजेश्कियान के इस दौरे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान की बेटी और दामाद Zahra Pezeshkian और Hassan Majidi भी उनके साथ भारत आए हैं …ब्रिक्स बाज़ार में उन्होंने ईरान पैवेलियन में वहाँ का आर्ट- क्राफ्ट देखा और कारीगरों से बात की। https://t.co/i1rpTLG0wu
— Kadambini Sharma (@SharmaKadambini) September 12, 2026
ज़हरा पेजेश्कियान के इस दौरे ने ब्रिक्स सम्मेलन के राजनीतिक माहौल में एक सहज और सकारात्मक सांस्कृतिक ऊर्जा जोड़ दी है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी सादगी और भारतीय कला में उनकी रुचि की काफी सराहना कर रहे हैं।