खेलमंत्री मांडविया ने हॉकी विश्व कप में प्रदर्शन की समीक्षा बैठक में कहा, हार को भुलाकर आगे बढें

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-09-2026
Sports Minister Mandaviya said in the review meeting of the performance
Sports Minister Mandaviya said in the review meeting of the performance

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने नीदरलैंड और बेल्जियम में हाल ही में हुए हॉकी विश्व कप के बाद समीक्षा बैठक में कप्तानों और कोचों से हार की बजाय उसके कारणों पर फोकस करके एशियाई खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिये कहा ।
 
सू्त्रों के अनुसार सोमवार को खेलमंत्री ने पुरूष टीम के कोच क्रेग फुल्टोन, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, महिला टीम के कोच शोर्ड मारिन और कप्तान सलीमा टेटे के साथ बैठक में विश्व कप में प्रदर्शन की समीक्षा की और कमियों का पता लगाकर उन्हें दूर करने पर फोकस करने के लिये कहा ।
 
मंत्रालय के सूत्र ने बताया ,‘‘ करीब एक घंटे तक साइ मुख्यालय में हुई बैठक में खेलमंत्री ने दोनों टीमों के कप्तानों और कोचों के अलावा हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों से बात की । उन्होंने विश्व कप की निराशा को भुलाने और एशियाई खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करके लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने का लक्ष्य रखने के लिये कहा ।’’
 
सूत्र ने कहा ,‘‘ खेलमंत्री ने दोनों टीमों से कहा कि बेंगलुरू स्थित साइ सेंटर में सारी सुविधायें उपलब्ध हैं लेकिन पदक जीतने के लिये अगर किसी और चीज की भी जरूरत है तो सरकार मदद के लिये तैयार है । उन्होंने यह भी कहा कि कुछ खिलाड़ियों पर निर्भर रहने की बजाय एक टीम के रूप में अच्छे प्रदर्शन का लक्ष्य होना चाहिये ।’’
 
बैठक में खेल सचिव हरिरंजन राव, हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह , टॉप्स सीईओ एनएस जोहल के अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे ।
 
नीदरलैंड और बेल्जियम में 15 से 30 अगस्त तक हुए विश्व कप में भारतीय पुरूष टीम निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आठवें स्थान पर रही । विश्व कप में 51 साल बाद पदक जीतने की उम्मीद के साथ गई हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ग्रुप चरण में वेल्स और पाकिस्तान पर ही जीत दर्ज कर सकी।