शुभमन गिल ने रचा इतिहास, एक टेस्ट सीरीज़ में बनाए 700 से अधिक रन

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 28-07-2025
Shubman Gill created history, scored more than 700 runs in a Test series
Shubman Gill created history, scored more than 700 runs in a Test series

 

आवाज द वाॅयस/ नई दिल्ली

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वे एक टेस्ट सीरीज़ में 700 से अधिक रन बनाने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज़ बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा क्रिकेट दिग्गज सुनील गावस्कर और युवा बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल कर चुके हैं।

गिल ने मैनचेस्टर में चौथा शतक जड़ते हुए इस सीरीज़ में 700 रन पूरे किए। इसके साथ ही उन्होंने कई पुराने रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए।

गिल से पहले सुनील गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज़ दौरे पर 774 रन बनाए थे और फिर 1978-79 में घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज़ के खिलाफ 732 रन ठोंके थे। वहीं, यशस्वी जायसवाल ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज़ में 712 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की थी। अब गिल इस सूची में शामिल होकर विराट कोहली के 2014 के 692 रन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुके हैं।

इस उपलब्धि के साथ शुभमन गिल विदेश में एक टेस्ट सीरीज़ में 700 से अधिक रन बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। अगर कुल मिलाकर देखा जाए, तो गिल भारत के दूसरे ऐसे टेस्ट कप्तान हैं जिन्होंने एक सीरीज़ में यह आंकड़ा पार किया है—पहले कप्तान थे सुनील गावस्कर।

गिल दुनिया के भी सिर्फ आठवें ऐसे टेस्ट कप्तान बने हैं जिन्होंने एक ही टेस्ट सीरीज़ में 700 से अधिक रन बनाए हों।

इसके अलावा गिल ने मैनचेस्टर के मैदान पर भी एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वे यहां टेस्ट शतक जड़ने वाले 35 वर्षों में पहले भारतीय बने हैं। इससे पहले 1990 में इस मैदान पर शतक लगाने वाले आख़िरी भारतीय बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर थे।

शुभमन गिल का यह प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।