रोहित शर्मा ने रचा इतिहास: ऑस्ट्रेलिया की सरज़मीं पर 1000 वनडे रन बनाने वाले पहले भारतीय बने

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 23-10-2025
Rohit Sharma creates history: becomes the first Indian to score 1000 ODI runs on Australian soil
Rohit Sharma creates history: becomes the first Indian to score 1000 ODI runs on Australian soil

 

एडिलेड (ऑस्ट्रेलिया)

भारतीय क्रिकेट के "हिटमैन" रोहित शर्मा ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। गुरुवार को एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे वनडे मैच में रोहित ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1000 वनडे रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ बनकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंचने की दौड़ में विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं, जिनके नाम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में कंगारू टीम के खिलाफ 802 रन दर्ज हैं।21 मैचों में रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलियाई सरज़मीं पर 1071 रन बनाए हैं — 56.36 की शानदार औसत और 89.32 के स्ट्राइक रेट के साथ। इस दौरान उन्होंने चार शतक और तीन अर्धशतक जड़े हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 171* रहा है।

एडिलेड में खेले गए मुकाबले में रोहित ने 97 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें सात चौके और दो गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 75.26 रहा। उनकी पारी का आकर्षण रहा मिशेल ओवेन के खिलाफ दो जबरदस्त पुल शॉट, जो सीधे स्टैंड्स में जाकर गिरे।

अब तक रोहित शर्मा ने 275 वनडे मैचों की 267 पारियों में कुल 11,249 रन बनाए हैं — 48.69 की औसत और 32 शतक, 59 अर्धशतकों के साथ। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर अब भी ऐतिहासिक 264 रन है। इस पारी के साथ ही रोहित ने भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पछाड़ते हुए भारत के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ का स्थान हासिल कर लिया है।

गांगुली ने अपने करियर में 308 मैचों में 11,121 रन बनाए थे, 40.95 की औसत से, जिसमें 22 शतक और 71 अर्धशतक शामिल थे।रोहित शर्मा ने 2022 के बाद से अब तक 19 बार 50+ स्कोर बनाया है। दिलचस्प बात यह है कि इन 19 पारियों में यह केवल दूसरी बार है जब उन्होंने स्ट्राइक रेट 100 से कम रखते हुए अर्धशतक पूरा किया। पिछली बार उन्होंने ऐसा 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप मैच में 66 गेंदों में 50 रन बनाकर किया था।

साल 2025 में अब तक रोहित ने 10 पारियों में 383 रन बनाए हैं, 38.30 की औसत के साथ, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका इस साल का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 119 रन रहा है।