आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय मूल के अमेरिकी गोल्फर अक्षय भाटिया दूसरे दौर में एक अंडर 71 का स्कोर बनाकर ट्रूइस्ट चैंपियनशिप में शीर्ष 10 में जगह बनाने के करीब पहुंच गए हैं।
भाटिया एक समय शीर्ष 10 में शामिल हो गए थे लेकिन आखिरी क्षणों में दो बोगी करने से उन्हें नुकसान हुआ और अभी वह संयुक्त 12वें स्थान पर हैं।
इस बीच रॉरी मैकलॉय (70-67) ने शीर्ष पर पहुंचने की तरफ कदम बढ़ाए। वह संयुक्त पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। कोरिया के सुंगजाई इम (64-69) नौ अंडर के कुल स्कोर के साथ शीर्ष पर पहुंच गए। उन्होंने टॉमी फ्लीटवुड (67-67) पर एक शॉट की बढ़त बना ली है।
हीरो इंडियन ओपन के विजेता एलेक्स फिट्जपैट्रिक (67-68) और जस्टिन थॉमस (67-68) संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।
कनाडा के भारतीय मूल के खिलाड़ी सुदर्शन येल्लामाराजू (71-69) संयुक्त 24वें जबकि भारतीय मूल के अमेरिकी खिलाड़ी साहित थीगला (72-71) संयुक्त 43वें स्थान पर हैं।