क्या खाली पेट घी खाना चाहिए? जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 11-07-2025
Should ghee be consumed on an empty stomach? Know what experts say
Should ghee be consumed on an empty stomach? Know what experts say

 

आवाज द वाॅयस/ नई दिल्ली

आजकल खाली पेट घी खाने का चलन एक बड़ा सेलिब्रिटी ट्रेंड बन गया है। बॉलीवुड की कई मशहूर अभिनेत्रियां जैसे मलाइका अरोड़ा, शिल्पा शेट्टी और कृति सैनन अपनी फिटनेस और ग्लोइंग स्किन का राज सुबह-सुबह एक चम्मच घी को बताती हैं। उनका मानना है कि यह न सिर्फ पाचन में मदद करता है, बल्कि त्वचा और शरीर को भी पोषण देता है।

आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने वाले कई लोग दिन की शुरुआत घी से करना फायदेमंद मानते हैं। लेकिन क्या यह आदत वास्तव में स्वास्थ्य के लिए अच्छी है?

इस पर कई विशेषज्ञ, खासकर हृदय रोग विशेषज्ञ, इससे सतर्क रहने की सलाह देते हैं। वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. बिमल चाजर का कहना है कि रोज़ाना घी का सेवन, खासकर उतनी मात्रा में जितना सोशल मीडिया पर दिखाया जाता है, दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है

वे बताते हैं कि घी 100% ट्राइग्लिसराइड्स होता है। एक ग्राम वसा में लगभग 9 कैलोरी होती है, जबकि रोटी या दाल जैसे खाद्य पदार्थों में प्रति ग्राम सिर्फ 4-5 कैलोरी होती हैं। यानी घी एक हाई-कैलोरी फूड है और अगर इसे जरूरत से ज्यादा खाया जाए, तो यह वजन बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

डॉ. चाजर का कहना है, "पहले के समय में लोग कड़ी मेहनत करते थे, तब घी शरीर के लिए लाभकारी था। लेकिन आज की जीवनशैली में हम उतना शारीरिक परिश्रम नहीं करते। फिर भी हम उसी तरह घी का सेवन कर रहे हैं।"

वे साफ कहते हैं कि सुबह खाली पेट एक चम्मच घी खाने की आदत पूरी तरह गलत है। वे इस धारणा को भी खारिज करते हैं कि घी पाचन सुधारता है। उनके अनुसार, आज के समय में जब शारीरिक गतिविधियां कम हो गई हैं, घी का सेवन यदि करना हो तो बहुत सीमित मात्रा में ही किया जाना चाहिए।

 

इसलिए, अगर आप भी बिना सोचे-समझे इस ट्रेंड को अपनाने की सोच रहे हैं, तो पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें और अपने शरीर की जरूरतों के हिसाब से ही कोई फैसला करें।