जयपुर में 3 से 5 फरवरी तक इज्तिमा

Story by  फरहान इसराइली | Published by  [email protected] | Date 29-01-2024
Deeni Tablighi Ijtima from 3rd to 5th February in Jaipur
Deeni Tablighi Ijtima from 3rd to 5th February in Jaipur

 

फरहान इसराइली /जयपुर

राजधानी जयपुर के रामगढ़ मोड़ स्थित करबला मैदान में तीन दिवसीय तब्लीगी  इज्तिमा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 3 से 5 फरवरी को आयोजित किया जाएगा.तीन दिवसीय दीनी तब्लीगी  इज्तिमा (धार्मिक समागम) कार्यक्रम का सोमवार को समापन होगा.

इस दौरान लाखों की तादाद में अकीदतमंद अमन, चैन और भाईचारा बनाए रखने की दुआ मांगेंगे. कार्यक्रम में जयपुर संभाग के लाखों अकीदतमंद तीन तक यही रह कर हर एक व्यवस्था को बनाने में मदद करेंगे. वहीं दिल्ली समेत देशभर से इस्लामी विद्वान भी इज्तेमा में मौजूद रहेंगे.
 
 इज्तिमा की तैयारी में स्थानीय लोग ज़ोरों शोरों से जुटे हुए हैं.  पार्षद पति मोज्जम अख्तर हुसैन ने बताया इज्तिमा की तैयारी जोरों शोरों पर है। नगर निगम हेरिटेज द्वारा सफाई का कार्य प्रगति पर है, हमारे द्वारा संपूर्ण सहयोग दिया जा रहा है.
 
आगे भी किसी भी प्रकार का कोई कार्य होगा उसे भी हम पूर्ण करेंगे. अनुमान है कि तब्लीगी इज्तिमा में बड़ी संख्या में पैगम्बर मोहम्मद साहब के अनुयायी इज्तिमे में पहुंचेंगे. लगभग 2.5 लाख से अधिक अकीदतमंद जयपुर जिले सहित प्रदेशभर से पहुंचने का अनुमान है.
 
तब्लीगी  इज्तिमा में मौलाना,कारी,हाफिज सहित धर्मगुरु विद्वान शामिल होंगे,और अल्लाह की वेदानियत बयान करेंगे. साथ ही पैगंबर मोहम्मद साहब की जीवनी पर प्रकाश डालेंगे.
 
इज्तिमा के आखिरी दिन मौलानाओं व धर्मगुरु द्वारा विशेष सामूहिक दुआ की जाएगी. जहा देश व प्रदेश में अमन भाईचारा को लेकर दुआ की जाएगी. 
 
इन बातों पर दिया जाएगा ज़ोर 

  • - इस्लाम के मुताबिक सभी पांचों वक्त की नमाज़ अदा करनी चाहिए
  • - नबी सुन्नतों पर अमल करना चाहिए
  • - ब्याज का बहिष्कार करना चाहिए
  • - अपने पड़ोसियों से प्यार मोहब्बत का बर्ताव करना चाहिए
  • - इस्लाम के प्रसार प्रचार के लिए तबलीग़ के ज़रिए समय देना चाहिए
  • -जीरो खर्च निकाह पर होगा ज़ोर
  •  
इज्तिमे में आलिमों द्वारा शादी और निकाह में बुनियादी फर्क को समझाने पर जोर दिया जाता है. दिखावटी और सजावटी शादियों से बचने के साथ सादगी के साथ बिना किसी दहेज, सामूहिक भोज और बिना किसी के खर्चें के निकाह करेने पर इस वर्ष भी हर वर्ष की भांति इज्तिमे में ज़ोर दिया जाएगा.
 
बीते कई सालों से होने वाले इस इज़तिमे में दहेज मुक्त निकाह पढ़ाया जाता रहा है और इस वर्ष भी पिछले वर्षों की भांति कई जोड़े निकाह के पाक बंधन में बंधेंगे.
 
व्यवस्थाएं होंगी देखने लायक

इज्तिमा में आए लोगों खासकर जयपुर के बाहर से आए लोगों के लिए यहीं पर नाश्ते और खाने की व्यवस्था की जाती है. शहर के विभिन्न इलाकों के लोगों द्वारा यहां खाने पीने की स्टॉले लगाई जाती हैं.
 
जहां रियायती दरों पर चीजें मुहैया कराई जाती हैं.  इज्तिमे में सैंकड़ों वॉलिंटियर्स ही ट्रैफिक और साफ सफाई का काम संभालेंगे. वुजू के लिए भी यहां विशेष इंतजाम से लेकर पार्किंग, चिकित्सा, निगरानी समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए खिदमतगार टीमों की ओर से खिदमत की जाएगी.