कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार रात भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पहली वर्ल्ड कप जीत पर उन्हें बधाई दी और कहा कि पूरे देश को उनकी इस उपलब्धि पर “अविश्वसनीय गर्व” है।
एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, "विश्व कप फाइनल में हमारे ‘वुमेन इन ब्लू’ की इस उपलब्धि पर हमें बेहद गर्व है। उन्होंने जो जुझारूपन और खेल पर पकड़ दिखाई, वह आने वाली पीढ़ियों की लड़कियों के लिए प्रेरणा बनेगी।"
उन्होंने आगे कहा कि महिला क्रिकेटरों ने साबित कर दिया है कि वे उच्चतम स्तर पर विश्वस्तरीय टीम हैं और उन्होंने हमें कई शानदार पल दिए।मुख्यमंत्री ने कहा, "आप हमारे नायक हैं। भविष्य में आपकी और भी बड़ी जीतें होंगी। हम हमेशा आपके साथ हैं!"
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच नवी मुंबई में खेले गए रोमांचक फाइनल में हरमनप्रीत कौर की निडर टीम ने 52 रनों से जीत दर्ज करते हुए पहली बार ICC महिला वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।
इस जीत के साथ भारतीय महिला क्रिकेट ने वर्षों की मेहनत और कई नाकामियों के बाद ऐतिहासिक सफलता हासिल की और देश के लिए गौरव का एक यादगार पल रचा।






.png)