Welcome the positive, reassuring statement of the Chief Minister of Assam on the border dispute: Khandu
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को अंतरराज्यीय सीमा पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद दोनों राज्यों के लोगों से सौहार्द और आपसी सम्मान बनाए रखने की अपील की। खांडू ने सीमा पर हुई झड़प को लेकर असम के अपने समकक्ष हिमंत विश्व शर्मा के ‘‘सकारात्मक और आश्वस्त करने वाले’’ बयान का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री खांडू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच ‘‘सदियों पुराना, मित्रता और भाईचारे का गहरा संबंध’’ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच मतभेदों का समाधान हमेशा बातचीत, आपसी समझ और शांतिपूर्ण तरीकों से किया जाना चाहिए।
खांडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं असम के माननीय मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के सकारात्मक और आश्वस्त करने वाले बयान का दिल से स्वागत करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सदियों पुराना, मित्रता और भाईचारे का गहरा रिश्ता है। हमारे मतभेदों को हमेशा बातचीत, आपसी समझ और शांतिपूर्ण तरीकों से सुलझाया जाना चाहिए।’’
मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों की सीमा के दोनों ओर रहने वाले लोगों से भी अपील की कि वे हालिया घटनाक्रम को दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से जारी संबंधों पर असर नहीं पड़ने दें।
खांडू ने कहा, ‘‘मैं असम और अरुणाचल प्रदेश, दोनों राज्यों के लोगों से शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान बनाए रखने की अपील करता हूं। आइए, हम मतभेदों को उन मजबूत रिश्तों पर हावी न होने दें जो हमारे लोगों को आपस में जोड़ते हैं।’’
यह बयान ऐसे समय आया है, जब असम-अरुणाचल सीमा पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद दोनों राज्यों की सरकारें तनाव कम करने के प्रयास कर रही हैं। इस घटना में असम के कई लोग घायल हुए थे।
यह घटना अंतरराज्यीय सीमा से लगे मिंगमांग के बोडोटी इलाके में हुई थी। प्राप्त सूचना के अनुसार इसमें 11 लोग घायल हुए थे। इसके बाद स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए दोनों राज्यों के प्रशासन ने कदम उठाए।