Heat debilitates students during Deoria's Tiranga Yatra, leaving more than 25 hospitalized
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देवरिया जिला प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल कई छात्राओं की तेज धूप और गर्मी के कारण तबीयत बिगड़ गई और कई लड़कियां बेहोश हो गयीं।
सूत्रों ने बताया कि 25 से अधिक प्रभावित छात्राओं को महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती कराया गया।
जिला प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देवरिया में पीएमश्री जीआईसी परिसर से पूर्वाह्न करीब 11 बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय समेत कई विद्यालयों के करीब पांच हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और यह यात्रा सिविल लाइंस मार्ग होते हुए स्टेडियम पहुंची।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान तेज धूप और उमस के कारण रास्ते में ही कुछ छात्राओं को चक्कर आने लगा, जिसके बाद शिक्षकों ने पानी पिलाकर उन्हें सामान्य करने का प्रयास किया लेकिन स्टेडियम पहुंचने के बाद कई छात्राओं की हालत फिर बिगड़ गई और उनमें से कुछ बेहोश हो गईं।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद प्रशासन ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराकर उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और मेडिकल कॉलेज में भर्ती छात्राओं का हाल जाना।
सूत्रों के अनुसार, चिकित्सकों की निगरानी में सभी छात्राओं का उपचार किया जा रहा है।
चिकित्सकों के मुताबिक, सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं।