बासित जरगर/श्रीनगर
देश के स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले जम्मू-कश्मीर में देशभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला है।बुधवार को श्रीनगर में एक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई।इस भव्य यात्रा का नेतृत्व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया।डल झील के किनारे स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर से इस रैली की शुरुआत हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे सैकड़ों लोगों ने इस मार्च में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया।

डल झील के तट पर गूंजे देशभक्ति के नारे
यह तिरंगा यात्रा एसकेआईसीसी से शुरू होकर डल झील के खूबसूरत किनारों से गुजरते हुए बोटैनिकल गार्डन तक पहुंची।इस आयोजन में छात्रों, सरकारी कर्मचारियों, सुरक्षा बलों के जवानों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में शिरकत की।सभी के हाथों में तिरंगा लहरा रहा था और फिजाओं में देशभक्ति के नारे गूंज रहे थे।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर शहर के लोगों में काफी उत्साह देखा गया। प्रशासन की ओर से रूट पर सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है तिरंगा
रैली के समापन पर जनसमूह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता और अखंडता का सबसे बड़ा प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में शामिल हों।
मनोज सिन्हा ने कहा कि तिरंगा हमारी शान है और यह पूरे राष्ट्र की ताकत को दर्शाता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और देश के विकास में अपना योगदान दें। उनके मुताबिक एक शांतिपूर्ण, समृद्ध और विकसित जम्मू-कश्मीर के निर्माण में यहां के युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।
🇮🇳Jammu and Kashmir Lieutenant Governor @manojsinha_ flags off and participates in a mega #Tiranga Rally on Boulevard Road along the banks of Dal Lake in Srinagar.
— DD NEWS JAMMU | डीडी न्यूज़ जम्मू (@ddnews_jammu) August 12, 2026
Thousands of students, employees, security personnel and people from different walks of life are participating in… pic.twitter.com/Xnxj1MoEoY

जश्न में डूबा कश्मीर और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रैली के दौरान रास्ते भर देशभक्ति के गीत बजते रहे और लोगों ने खुलकर इस उत्सव का आनंद लिया। युवाओं और स्कूली बच्चों की मौजूदगी ने इस आयोजन में चार चांद लगा दिए। प्रतिभागियों ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के साथ पदयात्रा करना उनके लिए गर्व का पल है।
यह भव्य आयोजन आगामी 15 अगस्त को श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में होने वाले मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले किया गया है। इसे लेकर शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पिछले कुछ दिनों से पूरे केंद्र शासित प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगातार ऐसी रैलियां निकाली जा रही हैं, जिनमें आम जनता से लेकर स्कूली बच्चे और सुरक्षाकर्मी अपनी हिस्सेदारी दर्ज करा रहे हैं।