Heavy rains lash Odisha, Meteorological Department issues 'red alert' for the entire state
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र के ‘‘अवदाब’’ में बदलने के कारण ओडिशा पिछले 24 घंटे से भारी बारिश का सामना कर रहा है, जिससे राज्य के उत्तरी जिलों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आईएमडी ने पूरे ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
विभाग ने एक राष्ट्रीय बुलेटिन जारी कर कहा, ‘‘तटीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना निम्न दबाव वाला क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया है और अवदाब में तब्दील हो गया है।’’
बुलेटिन के मुताबिक, यह मौसम प्रणाली बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल) से 130 किलोमीटर पूर्व, बारीपदा (ओडिशा) से 190 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व और जमशेदपुर (झारखंड) से 260 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित थी।
आईएमडी ने कहा, ‘‘इसके गंगा के पश्चिमी भाग से होते हुए झारखंड की ओर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है।’’
अवदाब एक ऐसी मौसम प्रणाली है, जो कम दबाव के क्षेत्र से अधिक मजबूत, लेकिन उष्णकटिबंधीय चक्रवात से कम तीव्र होती है।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को ओडिशा में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी में बनी इस मौसम प्रणाली के कारण गंगा के पश्चिमी भाग, छत्तीसगढ़ और झारखंड भी प्रभावित होंगे।