आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्रियों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी और निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर जनसेवा के 25 वर्ष तथा विकास, जनकल्याण व सुशासन के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया।
गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को जन्मे मोदी बृहस्पतिवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोदी को अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता के प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन ‘‘तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है।’’
शाह ने ‘एक्स’ पर कहा, “कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले मोदी जी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है। सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है।’’
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मोदी को राष्ट्रीय सेवा और समर्पण का प्रतीक तथा 140 करोड़ देशवासियों का नेता बताया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र प्रथम के संकल्प से प्रेरित मोदी की यात्रा सेवा, सुशासन और जन कल्याण की एक प्रेरक गाथा रही है। यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के उस सामूहिक स्वप्न की भी यात्रा है, जिसे आपने अपने कर्म और साधना से दिशा दी है।’’
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है और विश्व पटल पर अपनी नई पहचान और सामर्थ्य के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।