‘सेमीकॉन इंडिया’ में प्रधानमंत्री मोदी के लिए खास बना जन्मदिन का पल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-09-2026
PM Modi celebrates his birthday with a special moment at Semicon India
PM Modi celebrates his birthday with a special moment at Semicon India

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 ‘सेमीकॉन इंडिया’ 2026 के उद्घाटन सत्र में बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंच पर पहुंचते ही माहौल कुछ देर के लिए जन्मदिन के जश्न में बदल गया। मोदी के संबोधन शुरू करने से पहले सम्मेलन कक्ष में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर और ‘हैप्पी बर्थडे’ बोलते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
 
बृहस्पतिवार को 76 वर्ष के हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां यशोभूमि ‘कन्वेंशन सेंटर’ में जन्मदिन की शुभकामनाओं के बीच मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। यहीं उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग के सम्मेलन के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया।
 
मोदी के मंच पर पहुंचते ही कुछ देर के लिए सम्मेलन का माहौल जन्मदिन के जश्न में बदल गया। तीन-दिवसीय यह सम्मेलन भारत में चिप डिजाइन, विनिर्माण, पैकेजिंग और इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों से जुड़े सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करने के प्रयासों पर केंद्रित है।
 
‘सिलिकॉन से सिस्टम : पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में दुनिया भर की सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधि, नीति निर्माता, शोधकर्ता और स्टार्टअप हिस्सा ले रहे हैं।