Maoist leader arrested in Bengal; Shubhendu says government will not tolerate return of 'red terror'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल द्वारा पूर्व मेदिनीपुर जिले में एक शीर्ष माओवादी नेता को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य में ‘लाल आतंक’ की वापसी बर्दाश्त नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने जिले के पटाशपुर क्षेत्र के ललाट से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल राज्य समिति-1 के सचिव असीम मंडल उर्फ आकाश का सफलतापूर्वक पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बल की सराहना की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अंतरराज्यीय वन क्षेत्रों में 15 वर्षों से अधिक समय तक कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचते रहे आकाश को सटीक तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया जाना हमारे पुलिस बल की असाधारण अभियान क्षमता को दर्शाता है।’’
शुभेंदु ने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि पश्चिम बंगाल सरकार राज्य की सीमाओं के भीतर ‘लाल आतंक’ के नेटवर्क को फिर से खड़ा करने या उसका विस्तार करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी। किसी भी उग्रवादी विचारधारा को लोगों की सुरक्षा और राज्य के विकास को खतरे में डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।’’