आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार जहांगीर खान ने अपने खिलाफ लगातार आपराधिक मामले दर्ज किए जाने का दावा करते हुए पुलिस की किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण के लिए सोमवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया।
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत के समक्ष इस मामले को उठाते हुए और त्वरित सुनवाई का अनुरोध करते हुए खान के वकील किशोर दत्ता ने अदालत से उनके मुवक्किल के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकियों का विवरण देने और दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण देने का अनुरोध किया।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि वह इस मामले पर आज दिन में आगे सुनवाई करेंगे।
पश्चिम बंगाल के पूर्व महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) दत्ता ने अदालत के समक्ष कहा कि खान फाल्टा विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं जहां 21 मई को पुनर्मतदान होना तय हुआ है।
दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में मतदान के दिन 29 अप्रैल को बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोपों के बाद मतदान रद्द कर दिया गया था।