आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने सोमवार को अपना 94वां जन्मदिन मनाया और कहा कि वह यथासंभव अधिक समय तक जनहित के लिए संघर्ष करना चाहते हैं, भले ही उन्हें व्हीलचेयर पर बैठकर चलना पड़े।
प्रधानमंत्री मोदी ने देवेगौड़ा को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘श्री एच.डी. देवेगौड़ा जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में राष्ट्र के लिए उत्कृष्ट योगदान दिया है। वह नीतिगत मुद्दों की गहरी समझ और वंचितों की सेवा के प्रति अपने समर्पण के लिए जाने जाते हैं। हम उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं।’’
जनता दल (सेक्युलर) के वरिष्ठ नेता देवेगौड़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि 2028 के विधानसभा चुनावों से पहले उनकी पार्टी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन को लेकर कोई समस्या नहीं होगी, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनके अच्छे संबंध हैं।
देवेगौड़ा ने कहा, ‘‘जनता के हित के लिए यथासंभव अधिक समय तक संघर्ष करने का मेरा दृढ़ संकल्प है। मैं घर पर नहीं बैठूंगा। मैं व्हीलचेयर के सहारे चलता रहूंगा।”
यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने अपने 68 साल के राजनीतिक जीवन में लगातार संघर्ष किया है। मुझे इस बात की चिंता नहीं है कि लोग इसे कितना स्वीकार करते हैं, लेकिन जनता के हित के लिए संघर्ष करना मेरे लिए सर्वोपरि है, मैं अपना कर्तव्य निभाऊंगा।”
देवेगौड़ा ने बताया कि उन्हें स्वीडन से प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन संदेश मिला, जबकि गृह मंत्री शाह और वरिष्ठ भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा ने फोन करके उन्हें बधाई दी। इसी तरह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई नेताओं ने भी उन्हें इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं।
वर्ष 2028 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जद (एस) एक क्षेत्रीय पार्टी होने के नाते राजग में एक छोटी सहयोगी पार्टी है।