राम भक्तों पर गोली चलाने वाले आज आस्‍था की वकालत कर रहे: योगी आदित्यनाथ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-06-2026
Those who fired bullets at Ram devotees are now advocating faith: Yogi Adityanath
Those who fired bullets at Ram devotees are now advocating faith: Yogi Adityanath

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला करते हुए मंगलवार को कहा कि राम भक्तों पर ‘‘गोली और लाठी’’ चलाने वाले तथा भगवान राम के अस्तित्व को नकारने वाले ही आज आस्था की वकालत करते नजर आ रहे हैं।
 
योगी आदित्यनाथ ने रामपुर में 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज अयोध्या त्रेता युग की याद दिला रही है।
 
उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आज राम की भक्ति की वकालत कौन कर रहा है? भगवान राम की भक्ति की दुहाई कौन दे रहा है? 2017 से पहले ‘जय श्रीराम’ बोलने पर लाठियां बरसाई जाती थीं। जब उत्तर प्रदेश में राम भक्त कहते थे कि ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’, तब उन्हीं राम भक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं। आज वही लोग आस्था की वकालत करते दिखाई दे रहे हैं।’’
 
योगी ने इसका श्रेय जनता को देते हुए कहा, ‘‘यह आपकी ताकत है कि उन्हें आपके पीछे-पीछे आने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। अब उन्हें अपने पाप और अपने कर्मों पर पश्चाताप होता होगा। अब उन्हें एहसास हो रहा होगा कि समाजवादी पार्टी गलत थी।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘जो कांग्रेस 2017 से पहले भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के अस्तित्व को नकार चुकी थी, आज वही कह रही है कि राम तो सबके हैं। अब सभी अयोध्या जाने के लिए व्याकुल हैं, लेकिन प्रभु राम जगत के नियंता हैं। वे भी जानते हैं कि सही कौन है और गलत कौन।’’
 
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘2017 से पहले का रामपुर और उसके बाद का रामपुर आपके सामने है। एक समय यहां गरीबों की जमीनों पर कब्जे होते थे। वाल्मीकि समाज को उनकी जमीनों से वंचित कर दिया जाता था।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘जब सत्ता निरंकुश हो जाती है, तो वह अन्याय का पर्याय बन जाती है। समाजवादी पार्टी की सरकार में यहां दलितों और गरीबों की आवाज को उसी अन्यायी सत्ता ने दबाने का काम किया था।’’