वंदे मातरम् का अपमान करने वालों की सोच बदल देगी भारत की जनता: भाजपा अध्यक्ष

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-08-2026
The people of India will change the thinking of those who insult Vande Mataram: BJP President
The people of India will change the thinking of those who insult Vande Mataram: BJP President

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को विपक्षी दलों पर ‘‘बांटने की सोच’’ के साथ काम करने और वंदे मातरम् का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि भारत के लोग उनकी सोच बदल देंगे।
 
यहां तालकटोरा स्टेडियम में संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के मौके पर ‘समरसता संकल्प दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि भारत की संस्कृति और विरासत को सालों से चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन उनकी जड़ें इतनी मजबूत हैं कि वे उनका सामना कर सकती हैं।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘लोगों ने इस देश पर सैकड़ों साल तक शासन किया, लेकिन वे हमारी संस्कृति की नींव को उखाड़ने में नाकाम रहे। आज भी कुछ लोग समाज में बांटने की सोच के साथ काम करते हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘वंदे मातरम्, जिसने भारत के स्वतंत्रता संघर्ष की नींव रखी और हमारे शहीदों तथा आजादी के दीवानों के लिए देशभक्ति का गीत बन गया, उसका आज भी इस देश में कुछ लोगों द्वारा अपमान किया जाता है।’’
 
नवीन ने कहा, ‘‘लेकिन मैं उनसे कहता हूं: इस देश की मिट्टी में इतनी ताकत है कि अगर लोदी और सिकंदर जैसे लोगों की सोच बदली जा सकती थी, तो आने वाले समय में भारत की मिट्टी की ताकत उन लोगों की सोच भी बदल देगी जिन्होंने वंदे मातरम् का अपमान किया है। भारत के लोग उनकी सोच बदल देंगे।’’