तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष का ‘ट्यूशन फीस’ प्रतिपूर्ति की मांग को लेकर 48 घंटे का अनशन शुरू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-08-2026
Telangana BJP president begins 48-hour hunger strike demanding tuition fee reimbursement
Telangana BJP president begins 48-hour hunger strike demanding tuition fee reimbursement

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने सोमवार को कांग्रेस सरकार से छात्रों की ‘ट्यूशन फीस’ प्रतिपूर्ति योजना के बकाया पैसे जारी करने की मांग को लेकर 48 घंटे का अनशन शुरू कर दिया।
 
पार्टी कार्यालय में अनशन की शुरुआत करते हुए राव ने कहा कि 12,000 करोड़ रुपये की बकाया निधि जारी न होने से करीब 20 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है।
 
उन्होंने बताया कि बकाया राशि बढ़कर 12,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, क्योंकि दिसंबर 2023 में जब पिछली बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) सरकार सत्ता से बाहर हुई थी, तब भी 8,000 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित था।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बकाया राशि का भुगतान न होने के कारण निजी कॉलेज छात्रों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र रोक रहे हैं।
 
इसके साथ ही, योजना के तहत सरकार से पैसा न मिलने की वजह से कॉलेज अपने कर्मचारियों को वेतन भी नहीं दे पा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कॉलेजों में पांच लाख छात्रों के हस्ताक्षर जुटाए हैं, जो इस मुद्दे पर छात्रों के गुस्से को दर्शाता है।
 
राव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी खुद शिक्षा विभाग संभाल रहे हैं लेकिन इस विभाग की पूरी तरह अनदेखी की गई है।