आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत के दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी का बेखौफ आक्रामक बल्लेबाजी प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेजोड़ है और इस 15 वर्षीय बल्लेबाज को रोकने के लिए किसी भी गेंदबाज को आक्रामक रुख अपनाना होगा क्योंकि उसे बांधकर रखना कोई विकल्प नहीं है।
हरभजन का मानना है कि कम उम्र और सीमित अनुभव के बावजूद सूर्यवंशी गेंदबाज के मन में संदेह पैदा करने की क्षमता रखते हैं।
हरभजन ने पीटीआई को दिए पॉडकास्ट साक्षात्कार में कहा, ‘‘वैभव सूर्यवंशी असाधारण हैं। वह एक अलग तरह का खिलाड़ी है। मैंने इससे पहले ऐसा खिलाड़ी नहीं देखा जो 14-15 साल की उम्र में ही दुनिया पर दबदबा बना सके।’’
राजस्थान रॉयल्स की ओर से 2025 में 14 साल की उम्र में पदार्पण करने के साथ ही सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। इसके कुछ ही समय बाद उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंद में शतक जड़कर पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया।