सरकार दिल्ली को भारत की सबसे गतिशील शहरी अर्थव्यवस्था बनाने का प्रयास कर रही: रेखा गुप्ता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-08-2026
Government trying to make Delhi the most dynamic urban economy of India: Rekha Gupta
Government trying to make Delhi the most dynamic urban economy of India: Rekha Gupta

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रीय राजधानी को देश की सबसे गतिशील शहरी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रयास कर रही है।
 
यहां भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव में गुप्ता ने कहा कि देश तेजी से बढ़ रहा है और दिल्ली को भी इसके विकास इंजन के रूप में गति बनाए रखने की जरूरत है।
 
उन्होंने विकसित भारत के दृष्टिकोण के लिए मजबूत आधार के रूप में व्यापार और व्यवसाय पर प्रकाश डाला और कहा कि भारत को पहले एक उपभोक्ता आधारित अर्थव्यवस्था माना जाता था, लेकिन इसे अब एक विश्वसनीय विनिर्माण केंद्र और एक विश्वसनीय वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के रूप में पहचाना जाता है।
 
गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन और 2014 के बाद लागू किए गए नीतिगत बदलाव इस परिवर्तन का आधार हैं।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के मुक्त व्यापार समझौतों के विस्तारित नेटवर्क ने घरेलू व्यवसायों और उद्योगपतियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने की अनुमति दी है।
 
उन्होंने कहा कि अब केवल आर्थिक विकास के बजाय डिजिटल माध्यम से आर्थिक बदलाव की बात हो रही है।
 
गुप्ता ने कहा कि 2014 से पहले, देश में सिर्फ 100 स्टार्ट-अप थे और यह संख्या अब 2.5 लाख से अधिक हो गई है।
 
उन्होंने ‘यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस’ (यूपीआई) और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) का हवाला देते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी पूरी तरह से बदल गई है।