प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली लड़की ने माफी मांगी, कहा-‘बहकावे में आ गई थी’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-08-2026
The girl who made the objectionable comment on the Prime Minister apologized, saying she was misled.
The girl who made the objectionable comment on the Prime Minister apologized, saying she was misled.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली लड़की ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
 
खुद को 15 वर्ष का बताने वाली लड़की ने कहा कि वीडियो में प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने संबंधी उसका वीडियो सोशल मीडिया पर उसने खुद पोस्ट नहीं किया था। उसने कहा कि वह इस पर ‘‘बहुत शर्मिंदा’’ है।
 
‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा संबंधित वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शुक्रवार को एक वीडियो संदेश में प्रदर्शन के दौरान उनके और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्द कहने वालों को माफ करने की बात कही।
 
मोदी ने कहा कि ‘‘हमारी बेटियों’’ द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना चिंता का विषय है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन ‘‘गुमराह बच्चों’’ को माफ किए जाने की जरूरत है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह समाज में व्याप्त आक्रोश को समझते हैं, लेकिन यह “गुमराह बच्चों” को अपनाने और उन्हें सही राह दिखाने का समय है।
 
माफी वाले वीडियो में लड़की ने कहा, ‘‘मैं अपने दोस्तों के साथ सीपी (कनॉट प्लेस) गई थी, जहां प्रदर्शन हो रहा था।...वहां लोग बहुत चीजें बोल रहे थे। प्रधानमंत्री जी को बहुत गालियां दे रहे थे। उन लोगों के बहकावे में आकर मैंने वे सब चीजें बोलीं।’’
 
लड़की ने कहा, ‘‘मैं अभी मात्र 15 साल की हूं। मैंने जो किया वह माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत गंदी चीजें बोलीं। लेकिन यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी, इसके बाद मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगी। न ही वो चीज मैंने कभी पोस्ट की थी।...मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मैं इतनी शर्मिंदा हूं कि अपनी नजरें भी नहीं उठा पा रही हूं।’’