निजी स्वार्थों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित के लिए समर्पित हों युवा : डोभाल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-08-2026
Youth should rise above personal interests and dedicate themselves to the national interest: Doval
Youth should rise above personal interests and dedicate themselves to the national interest: Doval

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने शनिवार को देश के युवाओं से राष्ट्रीय हित के लिए पूरी तरह समर्पित होने और निजी स्वार्थों से ऊपर उठने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत के सामने राष्ट्र निर्माण का जो ‘‘अवसर का दौर’’ है, उसका पूरा लाभ उठाया जाना चाहिए।

डोभाल ने लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 ग्रहण करने के बाद यहां आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे केवल राष्ट्रहित में कार्य करेंगे और संकीर्ण एवं अल्पकालिक हितों की उपेक्षा करेंगे।
 
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने यहां तिलक स्मारक ट्रस्ट की ओर से स्थापित यह पुरस्कार डोभाल को प्रदान किया। डोभाल ने कहा, ‘‘आज के युवाओं को पूरी तरह समर्पित होकर यह संकल्प लेना चाहिए कि वे केवल राष्ट्रहित में काम करेंगे। उन्हें अपने छोटे-छोटे निजी हितों का त्याग करने के लिए तैयार रहना चाहिए और यदि ऐसे विचार मन में आएं भी तो उन्हें नजरअंदाज कर देना चाहिए।’’
 
उन्होंने कहा कि भारत अपने इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है और देश को इस अवसर को हाथ से नहीं जाने देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देश के इतिहास में यह एक विशेष अवसर का समय है। हम इसे गंवाने का जोखिम नहीं उठा सकते। इस समय हमारी प्राथमिकता राष्ट्र निर्माण होनी चाहिए।’’
 
देश के भविष्य पर विश्वास जताते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल ने कहा कि भारत अपने इस लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा और इतिहास का नया अध्याय लिखेगा।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस प्रयास में सफल होंगे और नया इतिहास रचेंगे।’’
 
डोभाल ने कहा कि देश सौभाग्यशाली है कि उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जैसे नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त है। उन्होंने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक और दार्शनिक भी थे।