आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा और मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है, लेकिन एक दिन पहले की तुलना में यह 2.3 डिग्री अधिक है।
वहीं, अन्य मौसम केंद्रों ने भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की है। पालम में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है जबकि लोधी रोड में यह 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है।
मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और रविवार को 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार तक न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
इसी के साथ, शनिवार को दिन भर 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।
इस बीच, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 126 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है। इससे पहले शुक्रवार शाम चार बजे तक 24 घंटे का औसत एक्यूआई 151 दर्ज किया गया था।