एलएसजी के लिए घरेलू रिकॉर्ड चिंता का विषय, गुजरात के खिलाफ लय बनाने की करेगा कोशिश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-04-2026
LSG's home record a concern, will look to build momentum against Gujarat
LSG's home record a concern, will look to build momentum against Gujarat

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को मुकुल चौधरी के रूप में एक नया स्टार मिल गया है, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुजरात टाइटंस के खिलाफ रविवार को होने वाले मुकाबले से पहले उसके लिए घरेलू मैदान पर खराब रिकॉर्ड बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है।
 
एलएसजी और गुजरात टाइटंस ने अपने पिछले दोनों मैच जीते हैं, जिससे उनका मनोबल बढ़ा होगा।
 
गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक रन की रोमांचक जीत दर्ज की थी जिससे उसने अपना खाता भी खोला। एलएसजी ने सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ उनके मैदानों पर प्रभावशाली जीत दर्ज की।
 
हालांकि एलएसजी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। उसे अगर इसे अपना मजबूत गढ़ बनाना है तो खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
 
एलएसजी ने पिछले सत्र में यहां खेले गए आठ मैचों में से छह में हार झेली थी। इसमें लगातार पांच मैचों में हार शामिल हैं। यही कारण रहा कि वह पिछले साल सातवें स्थान पर रहा था। उसने इस मैदान पर खेले गए 22 मैचों में से केवल नौ में ही जीत हासिल की है।
 
मौजूदा सत्र में भी उसके घरेलू मैदान पर पहले मैच में बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और दिल्ली कैपिटल्स ने उसे 141 रन पर आउट करके छह विकेट से जीत हासिल की थी।
 
एलएसजी का यह घरेलू मैदान पर इस सत्र का दूसरा मैच होगा और वह यहां अपना जीत का रिकॉर्ड सुधारने के लिए बेताब होगा।
 
एलएसजी का केकेआर के खिलाफ पिछला मैच विशेष रूप से यादगार रहा, जिसमें मुकुल के रूप में एक नए ‘फिनिशर’ का उदय हुआ।
 
राजस्थान के 21 वर्षीय बल्लेबाज मुकुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और अपने आदर्श महेंद्र सिंह धोनी का पसंदीदा हेलीकॉप्टर शॉट सहित कई तरह के शॉट लगाकर क्रिकेट जगत का अपनी तरफ खींचा।
 
एलएसजी के लिए एक और सकारात्मक पहलू आयुष बडोनी की फॉर्म में वापसी है, जिन्होंने केकेआर के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। इस तरहसे एलएसजी का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है जिसमें मिचेल मार्श, एडन मार्क्रम, कप्तान ऋषभ पंत और निकोलस पूरन भी शामिल हैं।