आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु सरकार ने 67,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के लिए 97 कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर बृहस्पतिवार को हस्ताक्षर किए।
इन कंपनियों में हिंदुजा समूह, स्काईरूट एयरोस्पेस और डेमलर इंडिया कमर्शियल व्हीकल्स शामिल हैं।
सरकार के अनुसार, इन एमओयू के तहत कुल 67,452 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता है और प्रस्तावित निवेश से 1.20 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के मई में सत्ता में आने के बाद आयोजित पहले ‘वेत्री तमिलनाडु इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव 2026’ में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की मौजूदगी में इन एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
इसे राज्य में निवेश के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इन समझौतों से मोटर वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा और जीवन विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) तथा डेटा सेंटर सहित विभिन्न क्षेत्रों में एक लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
राज्य की उद्योग मंत्री एस. कीर्तना ने इस अवसर पर कहा, ‘‘हमारे पास नए तथा पुराने निवेश का मजबूत मिश्रण है। इसमें पहली बार तमिलनाडु को चुनने वाले नए निवेशक और पहले से राज्य में मौजूद वे कंपनियां शामिल हैं जो हमारे कार्यबल तथा बुनियादी ढांचे का अनुभव लेने के बाद राज्य में अपना निवेश बढ़ा रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि नई सरकार के पहले 100 दिन में निवेश की कुल प्रतिबद्धता एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी और इससे 1.20 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
कीर्तना ने निवेशकों से कहा, ‘‘यह हमारे पदभार संभालने के बाद हर दिन औसतन 1,000 करोड़ रुपये की निवेश प्रतिबद्धता के बराबर है। कुछ लोग इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि कह सकते हैं लेकिन हमारे लिए यह संख्या कहानी का केवल एक छोटा हिस्सा है। हमारी शासन व्यवस्था में आपका भरोसा ही महत्वपूर्ण बात है।’’