तमिलनाडु चुनाव: द्रमुक ने सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-03-2026
Tamil Nadu elections: DMK finalises seat-sharing with allies
Tamil Nadu elections: DMK finalises seat-sharing with allies

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने शनिवार को 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए 164 सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। पार्टी ने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उनके बेटे एवं उपमुख्यमंत्री उदयनिधि को उनकी मौजूदा सीटों से फिर से नामांकित किया है।

कांग्रेस और वामपंथी दलों समेत सहयोगियों के साथ कई दिनों तक सीट बंटवारे को लेकर चली वार्ता समाप्त होने के बाद, द्रमुक ने अपने लिए निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान कर ली।
 
कुछ ही मिनटों बाद, द्रमुक मुख्यालय ‘अन्ना अरिवलयम’ में संवाददाता सम्मेलन में, स्टालिन ने अपनी पार्टी के 164 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
 
स्टालिन ने सीट बंटवारे को लेकर हुई वार्ता में किसी भी तरह की ‘‘देरी’’ से इनकार करते हुए कहा कि ‘‘धैर्यपूर्ण चर्चाओं’’ से सभी संतुष्ट हैं।
 
अन्नाद्रमुक महासचिव ए के पलानीस्वामी ने द्रमुक पर कटाक्ष करते हुए दावा किया कि सीट बंटवारे की बातचीत में देरी हुई है, जबकि उनकी पार्टी ने बढ़त हासिल कर ली है और सभी समझौते पूरे करके चुनाव प्रचार में जुट गई है।
 
द्रमुक की 164 सीट के अलावा, वाइको के नेतृत्व वाली एमडीएमके समेत गठबंधन पार्टी के 11 उम्मीदवार सत्तारूढ़ पार्टी के ‘उगते सूरज’ चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे, जिससे पार्टी के लिए कुल सीटों की संख्या प्रभावी रूप से 175 हो जाएगी।
 
राज्य में विधानसभा की 234 सीट के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा।
 
स्टालिन ने शनिवार को अपने 33 मंत्रिमंडलीय सहयोगियों में से तीन को छोड़कर बाकी सभी को और कुछ वरिष्ठ विधायकों की उम्मीदवारी को बरकरार रखा। उन्होंने जिन उम्मीदवारों को टिकट दिया है उनमें चिकित्सक, इंजीनियर और पीएचडी धारक भी शामिल हैं। इसके अलावा, सत्तारूढ़ दल की ओर से 18 महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं।
 
स्टालिन ने कहा कि वह कोलाथुर से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे। उदयनिधि भी इसी शहर के चेपॉक-ट्रिप्लिकेन से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं।