नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नया प्रतीक चिह्न बना ‘सारस’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-03-2026
'Sarus' becomes the new logo of Noida International Airport
'Sarus' becomes the new logo of Noida International Airport

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार को उद्घाटन किए गए नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने अपनी ब्रांड पहचान के लिए सारस-प्रेरित नया प्रतीक चिह्न अपनाया है, जो उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक, सतत विकास की सोच को दर्शाता है।
 
हवाई अड्डा प्रबंधन के अनुसार उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी ‘सारस’ को प्रतीक चिह्न में शामिल कर इसे विशिष्ट और वैश्विक स्तर पर प्रभावी पहचान देने का प्रयास किया गया है। यह पहल राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, परंपरा और प्रकृति के प्रति जुड़ाव को रेखांकित करती है।
 
बयान में कहा गया कि यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दृष्टिकोण को भी दर्शाता है, जिसमें विकास के साथ सांस्कृतिक पहचान और पर्यावरणीय संतुलन को समान महत्व दिया जा रहा है।
 
प्रतीक चिह्न को पतली और एकीकृत रेखाओं से डिजाइन किया गया है, जो गति, कनेक्टिविटी और आधुनिक बुनियादी ढांचे का प्रतीक हैं। इसमें इस्तेमाल किया गया नीला-हरा रंग तकनीकी प्रगति और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन को दर्शाता है।
 
प्रतीक चिह्न में उड़ता हुआ सारस प्रगति, आत्मविश्वास और नयी ऊंचाइयों की ओर बढ़ते उत्तर प्रदेश का प्रतीक माना गया है। यह राज्य को वैश्विक निवेश और कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित करने के विजन को भी प्रतिबिंबित करता है।
 
अधिकारियों के अनुसार, यह नया प्रतीक न केवल हवाई अड्डे की ब्रांडिंग को मजबूत करेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी अलग और प्रभावी पहचान भी स्थापित करेगा। अब यह हवाई अड्डा केवल एक परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि संस्कृति, आधुनिकता और सतत विकास का प्रतीक बनकर उभर रहा है।