a hoodie in 33-degree heat unravel the mystery of Ketan's murder.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले पर घूमने गए कारोबारी केतन अग्रवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी उस सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुलझी जिसमें ‘हुडी’ पहने एक शख्स केतन और उनकी मंगेतर सिया गोयल का पीछा करता नजर आया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, फुटेज में दिख रहे इस शख्स की पहचान बाद में चेतन चौधरी के रूप में हुई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, करीब 33 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद एक व्यक्ति का ‘हुडी’ पहनकर घूमना उन्हें असामान्य लगा और उसकी संदिग्ध गतिविधियों और हाव-भाव ने भी जांचकर्ताओं का ध्यान खींचा।
उन्होंने बताया कि यही वजह रही कि पुलिस ने केतन की मौत की गहराई से पड़ताल शुरू की। इस मौत का कारण शुरुआत में हादसा माना जा रहा था।
पुलिस ने मंगलवार को दावा किया कि 26 वर्षीय केतन की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि 18 जून को ‘ट्रेकिंग’ के दौरान सिया (20) और उसके प्रेमी चेतन (22) ने केतन को खाई में कथित तौर पर धक्का देकर मार डाला।
केतन अग्रवाल की इसी वर्ष सिया से सगाई हुई थी और 18 जून को वह लोहागढ़ किले में एक चट्टान से गिर गए थे। उस समय दुर्घटनावश हुई मौत मानकर मामला दर्ज किया गया था। सिया ने भी केतन के परिजनों को बताया था कि ट्रेकिंग के दौरान उनका पैर फिसल गया था, जिससे वह खाई में जा गिरे।