Kerala CM seeks cooperation from Karnataka, Tamil Nadu and Puducherry in curbing drug trafficking
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अपने समकक्षों को पत्र लिखकर अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने और नशीले पदार्थों के प्रसार को रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि यह पहल राज्य सरकार के मादक पदार्थ विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य केरल को नशे की लत से मुक्त करना और तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि ‘ऑपरेशन तूफान’ के तहत खुफिया सूचनाओं पर आधारित प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को निशाना बनाया जा रहा है और अवैध रूप से अर्जित उनकी संपत्तियां जब्त की जा रही हैं।
सतीशन ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क कई राज्यों में फैले हुए हैं, इसलिए पड़ोसी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच समन्वित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।
पत्र में कहा गया है कि केरल की सीमाओं से जुड़े कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी के क्षेत्र, प्रमुख राजमार्ग, पर्यटन स्थल, छात्र नेटवर्क और शहरी वितरण केंद्र मादक पदार्थ माफिया द्वारा इस्तेमाल किए जा सकते हैं।