आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के कार्यकारी निदेशक (ईडी) सुनील कुमार को कंपनी का चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके साथ ही वह कंपनी के इतिहास में कार्यकारी निदेशक के पद से सीधे शीर्ष पद पर पहुंचने वाले पहले अधिकारी बन गए हैं।
नियुक्ति संबंधी फैसले के अनुसार, कुमार अरुण कुमार सिंह का स्थान लेंगे जिनका विस्तारित कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है।
यह नियुक्ति कई चरणों वाली चयन प्रक्रिया के बाद हुई है। इसमें खोज-सह-चयन समिति ने दो दौर के साक्षात्कार के बाद कुमार के नाम की सिफारिश की थी। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी।
बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, फिलहाल ओएनजीसी की मेहसाणा परिसंपत्ति के कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत 58 वर्षीय कुमार को कंपनी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वह सात दिसंबर, 2026 या उसके बाद कार्यभार संभालने की तारीख से 31 दिसंबर, 2028 को सेवानिवृत्ति तक इस पद पर रहेंगे। इसके बाद उन्हें संविदा के आधार पर नियुक्त किया जाएगा। उनका कुल कार्यकाल तीन साल या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, रहेगा।